किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के सतभेरी घाट बगान टोला स्थित मदरसा चाय बागान के बांस झाड़ में बुधवार को एक महिला का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान अठियाबाड़ी, छत्तरगाछ निवासी 32 वर्षीय साहिना प्रवीण के रूप में हुई है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसका बेटा भी घायल अवस्था में मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, साहिना का पति रोजगार के सिलसिले में महानगर में रहता है। बुधवार को साहिना अपने बेटे को साथ लेकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान सतभेरी घाट बगान टोला स्थित मदरसा चाय बागान के बांस झाड़ में उसका शव फंदे से लटका मिला। पास में ही उसका बेटा घायल अवस्था में पड़ा था। घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है।
महिला का शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहाड़कट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।इधर, मृतका के परिजनों ने साहिना की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Post a Comment