गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘वोट बचाओ सत्याग्रह’ निकाला। युवा नेता निशांत यादव के नेतृत्व में निकाले गए विरोध मार्च में दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय परिसर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हुई। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्ग से भूपेंद्र चौक पहुंचे। यहां विरोध मार्च सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए निशांत यादव ने कहा कि गांधी जयंती के दिन, जिस महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते देश को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उसी दिन लोगों को अपने मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR की प्रक्रिया से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं, जिससे मताधिकार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
निशांत यादव ने कहा कि SIR से जुड़े फैसलों पर चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की खबरें भी सामने आई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही बिहार और पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों को रद्द करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
विरोध मार्च में युवा कांग्रेस नेता सोनू कुमार, आशीष कुमार, चंदन राय, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार मंडल, रणधीर कुमार, नवीन कुमार, सुदर्शन कुमार, साजन कुमार, सत्यम कुमार, राहुल यादव, उमेश कुमार, चंदन कुमार, जितेंद्र कुमार, संतन कुमार, शंकर कुमार, मंटू कुमार, अखिलेश कुमार, लालबहादुर कुमार और अभिजीत कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
Post a Comment