राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को किशनगंज शहर के गांधी घाट में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गांधीजी के सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भावना के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस, भाजपा, जनता दल यूनाइटेड सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। गांधीजी ने आपसी भाईचारे, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया था। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर लोगों ने समाज में शांति, सौहार्द और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष इंदरदेव पासवान, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, असगर अली पीटर, अंजार आलम, हरि अग्रवाल, मुकेश मलिक, चिंटू त्रिपाठी, फरहान आलम, इमाम अली चिंटू, उत्सव सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Post a Comment