कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़
कुरसेला। प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पत्थर टोला में मध्याह्न भोजन के नियमित संचालन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। मामले में 20 सूत्री अध्यक्ष मिथुन कुमार चौधरी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शांतनु कुमार ठाकुर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन का नियमित संचालन नहीं होने की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के लिए 20 सूत्री अध्यक्ष विद्यालय पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां पहुंचने पर विद्यालय का मुख्य द्वार नहीं खोला गया। उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाए जाने के बावजूद गेट नहीं खोला गया।
वहीं, आवेदन में शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मात्र दो शिक्षकों के उपस्थित रहने का उल्लेख किया गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।20 सूत्री अध्यक्ष ने बीईओ से मध्याह्न भोजन के नियमित संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय संचालन की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Post a Comment