पूर्णिया के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के साथ कथित बदसलूकी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। दो दिन पहले हुई घटना को लेकर पूर्व सांसद ने आज पूर्णिया के एसएसपी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने सदर थानाध्यक्ष और उनके सहयोगी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। घटना को लेकर पार्टी के नेताओं में आक्रोश है, वहीं वरीय पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा अपने परिवार के साथ पैतृक गांव से रामबाग स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी के आगे सदर थानाध्यक्ष की गाड़ी चल रही थी। आरोप है कि आगे निकलने के लिए पूर्व सांसद के चालक ने हॉर्न बजाया, जो थानाध्यक्ष को नागवार गुजरा। इसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बीच सड़क पर गाड़ी रोकने का आरोप
पूर्व सांसद की शिकायत के मुताबिक, पुलिस की गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर उनका रास्ता रोक दिया गया। आरोप है कि उनकी पहचान जानने के बाद भी उनके साथ बदसलूकी की गई। घटना के बाद मामला गंभीर हो गया और अब इसकी शिकायत वरीय पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गई है।
एसएसपी से मिले पूर्व सांसद, दर्ज कराई FIR
घटना के दो दिन बाद पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने खुद एसएसपी से मुलाकात की और पूरे प्रकरण से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने सदर थानाध्यक्ष और उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अब मामले में पुलिस की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।
पार्टी नेताओं में आक्रोश
पूर्व सांसद के साथ कथित बदसलूकी को लेकर पार्टी के नेताओं ने नाराजगी जताई है। राजद प्रवक्ता आलोक कुमार ने भी इस मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल, वरीय पुलिस अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और प्रकरण की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment