Top News

मछली के बक्सों के नीचे बना रखा था तहखाना, टाटा 407 से शराब जब्त; वैशाली का तस्कर गिरफ्तार

 

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार तस्करों ने मछली की आड़ में विदेशी शराब की तस्करी का इंतजाम किया था। टाटा 407 वाहन के डाले में थर्माकोल के बक्सों में बर्फ और मछली रखी गई थी, जबकि डाले के नीचे विशेष रूप से तहखाना बनाया गया था। इसी तहखाने में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। हालांकि, कसबा पुलिस की सतर्कता से तस्करों की यह तरकीब काम नहीं आई। पुलिस ने वाहन की तलाशी में 419 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही वैशाली जिले के एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

मामला 31 अक्टूबर की अहले सुबह का है। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी दौरान कसबा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सफेद और लाल रंग की टाटा 407 गाड़ी में विदेशी शराब की खेप जीरोमाइल से कसबा होते हुए मुरलीगंज (मधेपुरा) की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम काठ पुल चौक पर पहुंची और वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान सुबह करीब 3:10 बजे संदिग्ध टाटा 407 तेजी से आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन रोक दिया। जांच के दौरान वाहन में केवल एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम रमेश कुमार (20 वर्ष), पिता लक्ष्मण राय, निवासी महुआ वार्ड संख्या-7, थाना महुआ, जिला वैशाली बताया।

मछली के बक्सों के नीचे छिपाई थी शराब

पुलिस ने जब वाहन के डाले में रखे सामान के बारे में पूछा तो चालक ने बताया कि थर्माकोल के बक्सों में बर्फ के साथ मछली रखी हुई है, जिसे अररिया ले जाया जा रहा है। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने डाले के नीचे तहखाना बनाए जाने और उसमें विदेशी शराब छिपाकर रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने तलाशी ली तो तहखाने से कुल 419 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।

वाहन और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने शराब के साथ सफेद और लाल रंग की टाटा 407 गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर WB51A-9251) जब्त कर ली। गिरफ्तार चालक के पास से एक नोकिया कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पूरी बरामदगी की विधिवत वीडियोग्राफी कराई गई।

शराब के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में कसबा थाना कांड संख्या 463/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब शराब की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post