Top News

दुर्गा पूजा को लेकर रौटा पुलिस सतर्क, असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर



दुर्गा पूजा और भक्ति जागरण को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रौटा थाना पुलिस सतर्क है। थाना अध्यक्ष हरि प्रसाद यादव ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने, शांति व्यवस्था भंग करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रविवार को थाना अध्यक्ष ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

थाना अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा और भाईचारे का पर्व है। सभी लोग आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। असामाजिक गतिविधियों और शांति भंग करने की कोशिशों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

उन्होंने स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह के विवाद से बचने का आग्रह किया।

थाना अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और दुर्गा पूजा एवं भक्ति जागरण शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए पूजा समितियों और ग्रामीणों से प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post