पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने रविवार को पूर्णिया नगर निगम एवं पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने मां भवानी से पूर्णिया सहित समस्त बिहारवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
विधायक ने नगर निगम क्षेत्र के शक्तिनगर, सिपाही टोला, माता स्थान, मधुबनी, रामबाग ब्रह्मस्थान, रजनी चौक, लाइन बाजार, पूर्णिया कोर्ट, स्टेशन क्लब, सिटी साई मंदिर और गुलाबबाग सहित विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। वहीं, पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रानीपतरा, दीवानगंज, वीरपुर और हरदा स्थित दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में भी मां भवानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने कहा कि नवरात्र और दुर्गा पूजा सनातन संस्कृति, आस्था तथा शक्ति की उपासना का महापर्व है। इस वर्ष पूर्णिया जिले में 200 से अधिक भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ पर्व मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा सामाजिक समरसता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। विधायक ने पूर्णियावासियों सहित समस्त सनातन धर्मावलंबियों को नवरात्र एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस दौरान भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि गोपाल सिन्हा, मनोज सिंह, अजीत सिन्हा, सोनू सिंह, राजेश चौरसिया, मुकेश साह, राजेश रंजन, विनोद सिन्हा, मोहित राय, प्रदीप साह, विमल मंडल, रुपेश शर्मा, संजय मिश्रा और सुकेश पाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Post a Comment