Top News

मक्का के साथ गेहूं और सरसों की खेती अपनाएं किसान


फलका (कटिहार)। वासंतिक रबी महाभियान 2026 के तहत गुरुवार को फलका प्रखंड कृषि भवन परिसर में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सौरभ कुमार सहित कृषि विभाग के कर्मियों ने किसानों को बेहतर खेती, फसल विविधीकरण और अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को सलाह दी गई कि वे केवल मक्का की खेती पर निर्भर न रहें, बल्कि गेहूं और सरसों जैसी रबी फसलों की खेती को भी प्राथमिकता दें। कृषि पदाधिकारियों ने बताया कि फसल विविधीकरण अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं और खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।

किसानों को फसलों की बेहतर पैदावार के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा मौसम और भूमि की स्थिति के अनुसार खेती की योजना बनाने की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जागरूक कर कृषि उत्पादन बढ़ाना और खेती को अधिक लाभदायक बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने खेती से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post