Top News

फलका में करवा चौथ की धूम, पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत


फलका प्रखंड क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को अखंड सौभाग्य का पर्व करवा चौथ पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। दिनभर उपवास के बाद शाम को महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की पूजा-अर्चना की और व्रत कथा सुनी।

करवा चौथ को लेकर फलका मुख्य बाजार सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर पिछले दो-तीन दिनों से रौनक बनी हुई थी। महिलाओं ने साड़ी, लहंगे, आभूषण, शृंगार सामग्री, मेहंदी और पूजा के सामान की जमकर खरीदारी की। बाजार में मिट्टी के करवे, छलनी, पूजा कैलेंडर, फल और मिठाइयों की दुकानों पर भी चहल-पहल रही। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।

शाम को विभिन्न मोहल्लों और गांवों में सुहागिन महिलाएं एकत्रित हुईं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ की कथा सुनी। इस दौरान महिलाओं ने पूजा की थाली एक-दूसरे के साथ घुमाने की रस्म निभाई और बड़ों का आशीर्वाद लिया। सोलह शृंगार कर पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं के बीच पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखा।

पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन का इंतजार रहा। चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर और छलनी से पति का चेहरा देखकर महिलाएं व्रत पूरा करेंगी। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण करेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post