Top News

पूजा में खलल डालने वालों पर पुलिस की नजर, प्रशासन ने दिए निर्देश


 दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कोढ़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने की। इसमें प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा एवं मेला समिति के अध्यक्षों तथा प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शांति एवं सद्भाव कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से आपसी समन्वय के साथ पूजा का आयोजन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों और आम लोगों से भी पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की समस्या या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने की बात कही।

बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर साजेद आलम, मुख्य पार्षद धीरज सिंह, अंचल अधिकारी संजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, धीरेंद्र मेहता, बादल मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना था।

Post a Comment

Previous Post Next Post