बैसा। बैसा प्रखंड स्थित कृषि कार्यालय में वासंतिक (रबी) महाअभियान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिक डॉ. केएन सिंह एवं अनामिका कुमारी ने किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान उपप्रमुख फिरोज आलम एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी चंद्रभानु प्रकाश उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फार्मर रजिस्ट्री और मिट्टी नमूना संग्रह के महत्व से अवगत कराया गया। वैज्ञानिकों ने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए मिट्टी की जांच कराना और उसकी आवश्यकता के अनुसार संतुलित मात्रा में खाद एवं उर्वरकों का इस्तेमाल करना जरूरी है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से बचने की सलाह दी।
किसानों को खेतों में पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया गया। बताया गया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। इसके अलावा फसलों में लगने वाले फंगस (कवक) रोगों की पहचान, उनसे बचाव और दवाओं के उचित छिड़काव की विधि की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की। कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक शशि भूषण कुमार, कृषि समन्वयक सचिन कुमार, अजय कुमार, मुकेश कुमार, सुमन कुमार तथा कृषि सलाहकार रवि कुमार, रवि कुमार पासवान, निर्मल कुमार, दीपक कुमार पासवान एवं आहत नाज सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को रबी मौसम की खेती के प्रति जागरूक करना और नई कृषि तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था।
Post a Comment