मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर पटना-पूर्णिया वंदे भारत एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग को लेकर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने ट्रेन संख्या 26301 और 26302 का मुरलीगंज स्टेशन पर दोनों दिशाओं में कम से कम दो मिनट का ठहराव देने का अनुरोध किया।
सांसद ने पत्र में कहा कि मुरलीगंज मधेपुरा जिले का महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र है। यह आसपास के प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। यहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, व्यापारी, कर्मचारी और मरीज पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा तथा पटना सहित अन्य शहरों की यात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों को इस आधुनिक रेल सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ठहराव मिलने से पटना और पूर्णिया के बीच आवागमन सुविधाजनक होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।
सांसद ने रेल मंत्री से यात्रियों की सुविधा और कोसी क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए मांग पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने रेलवे बोर्ड और संबंधित रेलवे जोन को आवश्यक निर्देश देने के साथ यात्री संख्या, संभावित राजस्व और परिचालन संबंधी तकनीकी पहलुओं का सर्वेक्षण कराने की मांग की, ताकि ठहराव पर जल्द निर्णय लिया जा सके।
Post a Comment