कुरसेला और समेली क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं भूमिहीन परिवारों की समस्याओं के समाधान और जमीन से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर गरीब बचाओ आंदोलन समिति के शिष्टमंडल ने बुधवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने भूमिहीन परिवारों को जमीन पर अधिकार दिलाने, विस्थापितों के पुनर्वास और सरकारी संस्थानों की जमीन को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की।
ज्ञापन में लाल कार्ड एवं भूदान कार्डधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए टास्क फोर्स गठित करने की मांग की गई। इसके अलावा बाढ़ एवं कटाव से विस्थापित परिवारों का शीघ्र पुनर्वास कराने तथा दलित, महादलित और आर्थिक रूप से कमजोर भूमिहीन परिवारों को जल्द वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
समिति ने सर्वोदय महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र, मवेशी अस्पताल और सर्वोदय आश्रम, कुरसेला की जमीन को कथित अवैध कब्जे से मुक्त कराने तथा संबंधित जमीन से अर्जित राजस्व की वसूली की मांग भी उठाई।
वहीं, समेली के अंचलाधिकारी पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए अरुला देवी, पति स्व. उमेश चौधरी से संबंधित जमाबंदी एवं दाखिल-खारिज मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। समिति ने जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
शिष्टमंडल में मनोज जायसवाल, संटू कुमार, बिनोद राज झा और मनोरंजन पासवान शामिल थे। समिति ने जिला पदाधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
Post a Comment