Top News

आई-20 कार से 214 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


कोचाधामन थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आई-20 कार से 214.335 लीटर बंगाल निर्मित विदेशी शराब बरामद की है। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के सुंदर पट्टी निवासी राहुल कुमार (24), पिता अशोक यादव और मुरलीगंज के भरखोरा बाजार निवासी मोहम्मद सदरे (32), पिता मुसरफ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोचाधामन थाना क्षेत्र के धनपुरा पिकेट के पास पुलिस संध्या गश्ती कर रही थी। इसी दौरान किशनगंज की दिशा से आ रही एक आई-20 कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे। हालांकि, जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

कार की तलाशी लेने पर डिक्की में छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांड की बंगाल निर्मित 214.335 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी बंगाल से शराब खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से मधेपुरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पकड़े गए।

एसपी ने संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई के दिए संकेत

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। बरामद शराब के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है, ताकि तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस धंधे से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post