फलका प्रखंड की भंगहा पंचायत के वार्ड संख्या दो में सोमवार अपराह्न अचानक लगी आग से करीब 10 परिवारों के घर जलकर राख हो गए। अगलगी में नकदी, अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात समेत घरेलू सामान नष्ट हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार करीब तीन बजे अचानक एक घर के छप्पर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कई घरों में रखा सामान जल चुका था।
ग्रामीणों के मुताबिक, अगलगी में उपेंद्र महल्दार और सिकेंद्र महल्दार के घरों में रखे नकद रुपये समेत काफी सामान नष्ट हो गया। इस घटना में स्वर्गीय भगवान महल्दार के परिवार के उपेंद्र महल्दार, सिकेंद्र महल्दार, उषा देवी, धर्मेंद्र कुमार और देवेंद्र कुमार प्रभावित हुए हैं। वहीं, स्वर्गीय लक्ष्मण शर्मा के परिवार के मंटू शर्मा, अरविंद कुमार शर्मा, मिथिलेश शर्मा, गौतम शर्मा और भोला शर्मा के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
राहत और मुआवजे की मांग
आग में घर और जरूरी सामान नष्ट होने से पीड़ित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराने और क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया प्रीति पटेल और पैक्स अध्यक्ष संजय पटेल को भी दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
Post a Comment