कुरसेला थाना क्षेत्र के गंगा पार गोबराही दियारा के घाट टोला में 60 वर्षीय रामानंद महतो की हत्या के मुख्य आरोपी रवि कुमार उर्फ रब्बो को पुलिस ने घटना के सात दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। विशेष एसआईटी ने उसे नवगछिया स्टेशन के समीप छापेमारी कर दबोचा।
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर सदर-2 के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 29 जून को रामानंद महतो की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के परिजनों ने कुरसेला थाना में पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों और घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले के चार अन्य नामजद आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार रवि कुमार उर्फ रब्बो के खिलाफ पहले से मारपीट और बाइक लूट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से दियारा क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
Post a Comment