सोनम रघुवंशी, नीले ड्रम वाली मुस्कान और अब डेजी परवीन... बॉयफ्रेंड के प्यार में पति की हत्या करने वाली महिलाओं की चर्चित घटनाओं में अब बिहार के किशनगंज की डेजी परवीन का नाम भी जुड़ गया है। जिस पत्नी ने पति की हत्या के बाद दो दिनों तक अन्न-जल त्याग दिया, फूट-फूटकर रोती रही और हत्यारों के लिए फांसी की मांग करती रही, वही पुलिस जांच में अपने प्रेमी के साथ पति की हत्या की कथित साजिश रचने की आरोपी निकली।
किशनगंज जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के टंगटंगी गांव निवासी रिजवान आलम की 4 जुलाई की रात घर में सोते समय लोहे की रॉड से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर से मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन भी गायब थे। शुरुआती तौर पर मामला चोरी के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा था।
पति की मौत के बाद डेजी परवीन ने पुलिस को बताया था कि भीषण गर्मी के कारण रिजवान अक्सर दरवाजा खुला रखकर सोते थे। हालांकि घटना वाली रात दोनों ने दरवाजा बंद कर सोया था। उसके अनुसार, रात में किसी समय रिजवान ने स्वयं दरवाजा खोल दिया होगा। बाद में जब वह बच्ची को उठाकर शौच के लिए ले जाने लगी और मोबाइल ढूंढ़ने लगी तो मोबाइल नहीं मिला। बल्ब जलाते ही उसने पति को खून से लथपथ देखा और बेहोश हो गई। पत्नी की इस कहानी और उसके मातम को देखकर गांव के लोगों में भी गुस्सा था। लोग हत्यारों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे थे।
कॉल रिकॉर्ड ने खोल दिया पूरा राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ खुसरू शिराज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच के दौरान पुलिस को डेजी परवीन के बयानों में लगातार विरोधाभास मिला। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया।
पड़ोसी अनवर हुसैन से पूछताछ और फिर दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार पूरा हत्याकांड सामने आ गया।
नौ साल के प्रेम संबंध के बाद रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, रिजवान आलम रोजी-रोटी के लिए कुवैत में काम करता था। लंबे समय तक विदेश में रहने के दौरान उसकी पत्नी डेजी परवीन का गांव के ही अनवर हुसैन से प्रेम संबंध हो गया। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच करीब नौ वर्षों से संबंध थे और इसकी चर्चा गांव में भी होती थी।
करीब दो महीने पहले रिजवान कुवैत से घर लौट आया था। इसके बाद डेजी और अनवर के मिलने-जुलने में परेशानी होने लगी। इसी दौरान रिजवान को भी दोनों के संबंधों की जानकारी मिल गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर रिजवान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पत्नी ने खोला दरवाजा, प्रेमी ने सोते हुए कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात डेजी ने पति के गहरी नींद में सो जाने की सूचना अपने प्रेमी को दी और घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया। इसके बाद अनवर हुसैन घर में दाखिल हुआ और लोहे की रॉड से रिजवान के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद कमरे को अस्त-व्यस्त कर चोरी जैसा माहौल बनाया गया। मृतक और पत्नी के मोबाइल फोन गायब कर दिए गए तथा हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी छिपा दी गई, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
पत्नी के नाम खरीदी जाती रही संपत्ति
स्थानीय लोगों के अनुसार, रिजवान अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए कुवैत में मेहनत कर कमाई करता था। उसने पत्नी के लिए अलग जमीन लेकर घर बनवाया और विदेश से लगातार पैसे भेजता रहा। इसी दौरान पत्नी के नाम पर जमीन और अन्य संपत्तियां भी खरीदी गईं। रिजवान को भरोसा था कि उसने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर लिया है, लेकिन उसी घर में उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बरामद किए मोबाइल और हत्या का हथियार
प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिजवान आलम अपने परिवार की खुशियों के लिए विदेश में दिन-रात मेहनत करता रहा। उसे भरोसा था कि जिस पत्नी के नाम वह जमीन और घर बना रहा है, वही उसके सपनों की सबसे बड़ी साथी है। लेकिन पुलिस के मुताबिक, उसी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी जिंदगी खत्म करने की साजिश रच दी।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि पति-पत्नी का रिश्ता केवल साथ रहने का नहीं, बल्कि भरोसे, निष्ठा और विश्वास की नींव पर टिका होता है। जब इस रिश्ते में विश्वास टूटता है, तो उसका अंजाम कई बार केवल एक परिवार के बिखरने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि किसी की जिंदगी भी छीन लेता है।
Post a Comment