कटिहार। जिले के कोढ़ा प्रखंड की बासगाढ़ा पंचायत में लगातार खराब बिजली आपूर्ति को लेकर स्थानीय मुखिया सह जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष एवं बीस सूत्री सदस्य प्रीतम देवी ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का उद्देश्य पूरे बिहार में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना था, जिसे सरकार ने काफी हद तक पूरा भी किया। एक समय राज्य में 24 घंटे में लगभग 22 घंटे बिजली उपलब्ध रहती थी, जिससे मिट्टी तेल की जरूरत भी लगभग समाप्त हो गई थी।
प्रीतम देवी ने कहा कि वर्तमान में बासगाढ़ा पंचायत की स्थिति बेहद चिंताजनक है। यहां ग्रामीणों को दिनभर में पांच घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल रही है। बार-बार बिजली कटने से आम लोगों के साथ-साथ किसानों, छात्रों, छोटे व्यवसायियों और घरेलू उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच अनियमित बिजली आपूर्ति से लोगों का जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बिजली विभाग से अविलंब व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि बासगाढ़ा पंचायत के लोगों को नियमित और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
वहीं पंचायत के ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग करते हुए कहा कि लगातार हो रही कटौती से दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
Post a Comment