Top News

टीबी मरीजों के पोषण की जिम्मेदारी उठाएगा लायंस क्लब उड़ान


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को लायंस क्लब उड़ान की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत 12 यक्ष्मा (टीबी) मरीजों को गोद लेकर उन्हें हाई प्रोटीन राशन किट वितरित की गई। कार्यक्रम चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार एवं यक्ष्मा विभाग की एसटीएस रश्मि सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने लायंस क्लब उड़ान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मरीजों के उपचार में नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा गोद लिए गए 12 मरीजों को छह माह तक अथवा उपचार पूरा होने तक प्रत्येक माह हाई प्रोटीन राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें आवश्यक पोषण मिलेगा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलेगी।

लायंस क्लब उड़ान के जोनल चेयरपर्सन डॉ. मानव कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों को दवाएं और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, जबकि क्लब ने मरीजों के पोषण की जिम्मेदारी उठाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि उपचार अवधि तक सभी गोद लिए गए मरीजों को नियमित रूप से हाई प्रोटीन राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी।

क्लब के अध्यक्ष डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि लायंस क्लब उड़ान समाज के जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्य जारी रहेंगे।

इस अवसर पर डॉ. रूपेश कुमार, संजय सुमन, सचिव दिलीप कुमार, डॉ. श्याम कुमार, रंजीत कुमार सिंह, कृष्ण मोहन, राहुल अग्रवाल, अजय कुमार, विनोद कुमार, राकेश कुमार, सुमन कुमार सहित अन्य सदस्य एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post