'
कोढ़ा प्रखंड के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) कोलासी में सोमवार को "टीबी मुक्त अभियान: गाँव-गाँव, शहर-शहर" का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए जांच कराएं तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें, ताकि बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और नियमित इलाज के महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनसहभागिता के माध्यम से टीबी मुक्त समाज का निर्माण करना है। साथ ही लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, स्वच्छता अपनाने और टीबी से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
Post a Comment