कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गोरगामा महादलित टोला स्थित दादपुर आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में आयोजित होने वाले जन सहयोग शिविर को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने स्वयं वाहन पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से महादलित टोला पहुंचकर लोगों को शिविर की जानकारी दी और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
मुख्य पार्षद ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों के साथ लिखित आवेदन लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, बल्कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से जन सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
प्रचार-प्रसार के दौरान मुख्य पार्षद ने विशेष रूप से महादलित परिवारों से शिविर में भाग लेने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। जागरूकता अभियान के बाद क्षेत्र के लोगों में शिविर को लेकर उत्साह देखा गया।
Post a Comment