पूर्णिया विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026–30 की नामांकन प्रक्रिया के दौरान सामने आई तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर छात्रों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। छात्र राजद विश्वविद्यालय इकाई (SSAI) के अध्यक्ष पीयूष पुजारा के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को आवेदन सौंपकर तकनीकी त्रुटियों के कारण नामांकन से वंचित छात्रों को राहत देने की मांग की है।
छात्र संगठन का कहना है कि प्रथम और द्वितीय मेधा सूची में चयनित होने के बावजूद कई छात्रों का पोर्टल पर नामांकन नहीं हो सका, जबकि कुछ छात्रों का नाम सूची में नहीं होने के बावजूद पोर्टल पर चयनित दिखाया गया। इससे छात्र असमंजस और परेशानी में हैं।
आवेदन में मांग की गई है कि प्रथम और द्वितीय मेधा सूची में चयनित सभी छात्रों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवेदन के दौरान हुई तकनीकी या दस्तावेज संबंधी छोटी-छोटी त्रुटियों को सुधारने का एक और अवसर दिया जाए, ताकि कोई भी योग्य छात्र नामांकन से वंचित न रहे।
पीयूष पुजारा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और पोर्टल की खामियों का नुकसान छात्रों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्र राजद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
छात्रों ने तीसरी और अंतिम मेधा सूची को पारदर्शी ढंग से जारी करने तथा उससे पहले सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
Post a Comment