कोढ़ा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। पुलिस ने एक ओर 14 वर्ष पुराने मामले में तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया, वहीं अपहरण के मामले में युवती को सकुशल बरामद कर नामजद आरोपी को दबोच लिया। इसके अलावा नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के चर्चित मामले में दूसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, कोढ़ा थाना कांड संख्या 474/12 (जीआर संख्या 4258/12) में न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विजय व्याधा, अजय व्याधा तथा काना व्याधा, सभी निवासी बसगड़ा, थाना कोढ़ा, को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं कोढ़ा थाना कांड संख्या 186/26 में दर्ज अपहरण मामले में पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर अपहृत पुष्पम कुमारी को सकुशल बरामद कर लिया। मामले के नामजद आरोपी सूरज मांझी, निवासी डुमरा, थाना रुद्रपुर, जिला मधुबनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।
इधर, नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में भी कोढ़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोढ़ा थाना कांड संख्या 190/26 में दर्ज मामले में पहले एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। अब लगातार छापेमारी के दौरान दूसरे नामजद आरोपी अमजद, निवासी मुसापुर, थाना कोढ़ा, को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि सभी मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा निष्पक्ष और त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप का माहौल है।
Post a Comment