कोढ़ा प्रखंड के कोलासी कैंप क्षेत्र अंतर्गत मधुरा पंचायत के पेकहा गांव में बलूवा धार नदी किनारे अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार यहां हर रात जेसीबी और दर्जनों ट्रैक्टरों से बड़े पैमाने पर मिट्टी की कटाई कर उसकी ढुलाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।
बताया गया कि रविवार देर रात भी करीब 17 ट्रैक्टर और एक जेसीबी से अवैध खनन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर खनन विभाग और कोलासी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही अधिकांश चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान मिट्टी लदा एक ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया।
खनन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर पर 1,03,717 रुपये का जुर्माना लगाया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि इससे अवैध मिट्टी खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने खनन माफियाओं और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment