Top News

दिशा बैठक में कोढ़ा की समस्याओं को विधायक कविता देवी व जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने उठाया


कटिहार स्थित विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक में कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कविता देवी एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने भाग लिया। बैठक के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकासात्मक कार्यों एवं जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर विधायक कविता देवी एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं सिंचाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने, लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

बैठक के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने जिला परिषद क्षेत्र संख्या-5 के समग्र विकास को लेकर अपने विचार एवं सुझाव भी साझा किए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं समय-समय पर समीक्षा से योजनाओं का लाभ आम जनता तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post