Top News

सहयोग शिविर में 137 आवेदनों का निष्पादन, जीविका समूहों को मिला 2.09 करोड़ का लाभ



भवानीपुर/बमबम यादव
भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को प्रखंड सहयोग सह जन-कल्याण शिविर का आयोजन प्रखंड मुख्यालय, सुपौली पंचायत सरकार भवन एवं नगर पंचायत भवानीपुर परिसर में किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर तक पहुंचाना था।

प्रखंड मुख्यालय एवं सुपौली पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर का उद्घाटन रुपौली विधायक कलाधर प्रसाद मंडल, अपर समाहर्ता विनय कुमार साह, बीडीओ मनोज कुमार तथा सीओ ईशा रंजन ने संयुक्त रूप से किया। नगर पंचायत शिविर का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी कशिश कुमारी के नेतृत्व में हुआ।

शिविर में प्रखंड मुख्यालय पर 52 तथा सुपौली में 85 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। कुल 137 आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई। आवेदन सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, शौचालय निर्माण, भूमि विवाद एवं राजस्व मामलों से संबंधित थे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक कलाधर मंडल ने जीविका दीदी समूहों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 2 करोड़ 9 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 11 जीविका दीदियों को 5जी मोबाइल देकर सम्मानित किया गया। मनरेगा विभाग ने 15 लाभुकों को जॉब कार्ड वितरित किए, जबकि सीओ ईशा रंजन ने पांच लाभार्थियों को बासगीत पर्चा और तीन किसानों को किसान आई कार्ड प्रदान किया।

विधायक ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं तथा लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post