Top News

अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप, कोढ़ा पुलिस की लगातार छापेमारी से बढ़ी बेचैनी


 कोढ़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे सघन अभियान से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की बढ़ी सक्रियता और लगातार हो रही छापेमारी से अवैध धंधे में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगने लगा है। कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार, एसआई विवेक विक्रम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान सक्रिय रूप से शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने शराब निर्माण एवं तस्करी से जुड़े इलाकों में दिन-रात गश्ती बढ़ा दी है। ग्रामीण क्षेत्रों, सुनसान जगहों एवं संदिग्ध ठिकानों की लगातार जांच की जा रही है ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही छापेमारी से क्षेत्र में कानून का भय बढ़ा है और अवैध शराब कारोबार पर काफी हद तक रोक लगी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post