बैसा प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल होती नजर आ रही है। क्षेत्र की जनता आज भी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। पंचायत स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तो बनाए गए हैं, लेकिन वहां अपेक्षित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
मजगांमा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का हाल और भी खराब बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार केंद्र में नियमित रूप से चिकित्सक उपस्थित नहीं रहते हैं। महिलाओं के प्रसव की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है और ना ही महिला चिकित्सक की तैनाती की गई है। भवन केवल नाम मात्र का बनकर रह गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र में इलाज की सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को मजबूरन दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। वहीं प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैसा में भी स्थिति संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत रेफर कर दिया जाता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मजगांमा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर देखरेख के अभाव में आवारा कुत्तों का अड्डा बन गया है। परिसर में गंदगी पसरी रहती है, जिससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से अविलंब व्यवस्था सुधारने और नियमित चिकित्सकीय सेवा बहाल करने की मांग की है।
Post a Comment