Top News

विधायक ने सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदन को लेकर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश


पूर्णिया पूर्व प्रखंड अंतर्गत रजीगंज पंचायत में 2 जून को आयोजित होने वाले सरकारी सहयोग शिविर की तैयारी का जायजा विधायक विजय खेमका ने रजीगंज पंचायत भवन पहुंचकर लिया। इस दौरान विधायक ने पंचायत भवन में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों से विभिन्न विभागों के आवेदनों एवं उनके निष्पादन की समीक्षा की। शिविर को लेकर पंचायत भवन में राशन कार्ड, शिक्षा विभाग, आंगनवाड़ी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास, ई-श्रम कार्ड, हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, बासगीत पर्चा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व संबंधी मामले, नल-जल, ग्रामीण नाली-गली, मनरेगा जॉब कार्ड, बिजली कनेक्शन, जीविका, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त करने है । विधायक ने आये हुए सभी आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। विधायक ने पंचायत भवन में कार्यरत सरकारी कर्मियों से पंचायत के सभी 13 वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ नागरिकों की समस्याओं से जुड़े आवेदनों को पंजीकृत करने तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने भाजपा एनडीए कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे पंचायत के टोला-मोहल्लों में जाकर लोगों को सरकारी सहयोग शिविर के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को पंचायत भवन पहुंचकर आवेदन देने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने जिला प्रशासन से भी शिविर को प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने हेतु सक्रियता से कार्य करने तथा प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा । इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पानो देवी, महामंत्री बिरेन्द्र सिंह, मनोज कुमार मोनू, शैलेन्द्र साह,  सुकेश पाल, अचित मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

Post a Comment

Previous Post Next Post