Top News

कुर्सेला पुल पर बड़ा हादसा, चलती बस से गिरकर कंडक्टर की मौत


पूर्णिया से नवगछिया जा रही एक  बस में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुर्सेला पुल पर चलती बस से गिरने के कारण बस कंडक्टर की मौत हो गयी। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी।

जानकारी के अनुसार बस पूर्णिया से नवगछिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुर्सेला पुल के पास अचानक बस का कंडक्टर संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और बस कर्मियों की मदद से उसे तुरंत जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के गेड़ाबाड़ी फुलबरिया चौक निवासी 32 वर्षीय संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बस में कंडक्टर का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। अस्पताल परिसर से लेकर गांव तक मातम पसरा हुआ है। परिजनों का कहना है कि संजीव सुबह घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह वापस नहीं लौटेंगे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post