भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी ने सोमवार को सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। “ई” समवाय माफिटोला अंतर्गत सीमा चौकी फतेहपुर के जवानों ने नियमित जांच अभियान के दौरान दो हिरण के सींग, भारतीय एवं नेपाली मुद्रा तथा मोबाइल फोन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में तस्करी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को दोपहर करीब 12:48 बजे सीमा चौकी फतेहपुर के जवान भारत- नेपाल सीमा पर चेक पोस्ट ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 151 से लगभग 10 मीटर भारतीय क्षेत्र की ओर संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर एसएसबी जवानों ने जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नेपाल से भारत लाए जा रहे दो हिरण के सींग बरामद किए गए। साथ ही भारी मात्रा में भारतीय एवं नेपाली मुद्रा तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।जब्त भारतीय मुद्रा में 500 रुपये के 133 नोट, 200 रुपये का एक नोट तथा 100 रुपये के दो नोट शामिल हैं। कुल भारतीय राशि 66 हजार 900 रुपये बताई गई है। वहीं नेपाली मुद्रा में 100 रुपये के दो नोट, 50 रुपये के चार नोट, 20 रुपये के चार नोट, 10 रुपये के दो नोट तथा 5 रुपये के दो नोट बरामद हुए, जिसकी कुल राशि 510 नेपाली रुपये है।
कार्रवाई के दौरान एसएसबी जवानों ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जब्त सामान एवं आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग टेढ़ागाछ, पुलिस स्टेशन फतेहपुर तथा कस्टम कार्यालय ठाकुरगंज को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।इस संबंध में “ई” समवाय माफिटोला के सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, वन्यजीव अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता बरत रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में नियमित गश्ती एवं सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा रहा हैं।
Post a Comment