पूर्णियां जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र के चतरा गांव में 5 साल के मासूम बच्चे की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मासूम शनिवार को अपने दोस्तों के साथ आम बागान में आम चुनने गया था, लेकिन इसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, मगर जब बच्चा नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद से पुलिस और ग्रामीण लगातार 3 दिनों तक बच्चे की तलाश में जुटे रहे। बच्चे को खोजने के लिए पुलिस ने खोजी कुत्तों की भी मदद ली, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इस बीच पूरे गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल बना रहा।
मंगलवार को अचानक चतरा नहर के समीप बच्चे का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस जगह शव मिला, वहां पुलिस और ग्रामीण पहले ही कई बार तलाश कर चुके थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को नहर किनारे फेंक दिया गया।
परिजनों ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चे के शरीर के कुछ अंग गायब लग रहे हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वहीं ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार घटना के दिन इलाके में एक संदिग्ध ब्लैक कार देखी गई थी। अब पुलिस उस ब्लैक कार और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुट गई है। मासूम की हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
Post a Comment