Top News

पति बना प्यार में बाधा, पत्नी ने प्रेमियों संग रची खौफनाक साजिश! हत्या कर शव झाड़ी में छुपाया

पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के रमजानी गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छुपा दिया। मामले का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि 5 मई को रमजानी गांव निवासी राजेंद्र मंडल अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद उनकी पत्नी गणिता देवी ने जानकीनगर थाना में पति के गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस शुरू से ही मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई चौंकाने वाले सुराग मिले। अनुसंधान में पता चला कि गणिता देवी का गांव के ही सुमन और रंजीत नामक युवकों के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पति राजेंद्र मंडल अक्सर पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। पुलिस के अनुसार इसी आक्रोश में पत्नी ने अपने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
तीनों ने मिलकर राजेंद्र मंडल की हत्या कर दी और शव को दीवरा नहर के पास झाड़ियों में छुपा दिया ताकि किसी को शक न हो। हत्या के बाद पत्नी ने खुद ही पति के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच, पूछताछ और लगातार अनुसंधान के बाद पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी गणिता देवी, उसके प्रेमी सुमन और रंजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में तीनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और घरेलू विवाद मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि एक पत्नी ने अपने प्रेम संबंध के लिए पति की हत्या तक करवा दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post