आगामी बकरीद पर्व को लेकर कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कैंप प्रभारी श्रवण कुमार ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।
बैठक में कैंप प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि बकरीद भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर संयम बरतें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्वों एवं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति एवं भाईचारे की परंपरा को कायम रखा जाएगा। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आपसी समन्वय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने तथा अमन-चैन बनाए रखने की अपील की।
Post a Comment