सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैसा शाखा से जुड़े चर्चित सीएसपी घोटाला मामले में रौटा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रौटा थाना कांड संख्या-89/26 के मुख्य आरोपी इंतसार आलम को पुलिस ने गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रौटा थाना क्षेत्र के मौजाबाड़ी निवासी 26 वर्षीय इंतसार आलम, पिता जुबैर आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अमौर थाना क्षेत्र के सुरहा चौक से शाम करीब 6 बजे दबोचा। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त सामानों में एक सैमसंग कंपनी का लैपटॉप, फिंगर प्रिंट स्कैनर, पासबुक प्रिंटर, एक आईफोन समेत अन्य डिजिटल उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 94 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल खाताधारकों के बैंकिंग कार्यों और फर्जी लेनदेन में किया जाता था। जब्त सामानों की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि घोटाले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा सकें। बताया जाता है कि सेंट्रल बैंक बैसा के सीएसपी केंद्र से जुड़े इस मामले में बड़ी संख्या में खाताधारकों ने अपने खाते से अवैध निकासी और फर्जी ट्रांजेक्शन की शिकायत की थी। आरोप है कि खाताधारकों से बैंकिंग कार्य के नाम पर अंगूठा लगवाकर उनके खातों से रकम की निकासी की जाती थी। मामले के सामने आने के बाद इलाके में काफी आक्रोश फैल गया था। और सैकड़ों लोगों ने बैंक शाखा के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था। रौटा थाना पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रौटा थाना अध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव ने बताया कि मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
सेंट्रल बैंक सीएसपी घोटाला मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लैपटॉप-स्कैनर व नकदी बरामद
Cityhalchal News
0
Post a Comment