Top News

स्टेट हाईवे-65 पर मक्का सुखाने का खेल, हादसों को खुला न्योता

भवानीपुर/ बमबम यादव
भवानीपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाली स्टेट हाईवे-65 इन दिनों लापरवाही और अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई है। सड़क पर खुलेआम मक्का सुखाने का काम किया जा रहा है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के एक हिस्से पर बड़े पैमाने पर मक्का फैलाकर सुखाया जाता है। इतना ही नहीं, मक्का को सुरक्षित रखने के नाम पर सड़क पर बड़े-बड़े ईंट-पत्थर और बांस के बल्ले भी रख दिए जाते हैं। इससे वाहन चालकों को अचानक बाधाओं का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। भवानीपुर राजद प्रखंड अध्यक्ष डॉ. जमशेद आलम ने कहा कि स्टेट हाईवे पर इस तरह की गतिविधि पूरी तरह अवैध और जानलेवा है। प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना चाहिए, ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े। वहीं छात्र नेता छैला यादव ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय निवासी बिट्टू यादव, अंकित आनंद, चांद राजा और नगर पंचायत भवानीपुर के सांसद प्रतिनिधि शोभाकांत यादव सहित दर्जनों समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर मक्का सुखाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सड़क पर इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post