पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। केमई निवासी लक्ष्मण मंडल (पिता – झकसू मंडल) की एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण मंडल बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही शुभम बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल बस चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है।
इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के बेटे की शादी 28 अप्रैल को तय थी, लेकिन इस दुखद घटना ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने टिकापट्टी–धमदाहा एसएच-65 सड़क को जाम कर कई घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्णिया–रूपौली मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बस संचालन की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment