जमुई जिला के सिकंदरा नगर पंचायत में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें सिकंदरा थाना लाया गया, जहां निगरानी डीएसपी सहित अन्य अधिकारी देर शाम तक पूछताछ में जुटे रहे। बताया जाता है कि, यह कार्रवाई विशेष निगरानी इकाई ने संभावित शिकायतकर्ता राजेश कुमार मिश्रा की लिखित शिकायत के आधार पर की है। परिवादी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति फाइल 2500 रुपये की दर से कुल 1,62,500 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। राशि नहीं देने पर काम रोक देने की बात कही गई थी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और 50 हजार रुपये लेते ही संतोष कुमार को दबोच लिया।इस करवाई में निगरानी विभाग के डीएसपी सुधीर कुमार, इंस्पेक्टर राघव कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, त्रिपुरारी प्रसाद, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर दिलीप कुमार, ऑपरेटर जितेंद्र कुमार कांस्टेबल सन्नी कुमार के द्वारा की गई। इस दौरान स्वच्छता साथी सोनू कुमार को भी ट्रैप किया गया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि संतोष कुमार बीपीएससी 67वीं बैच के अधिकारी हैं। वे सितंबर 2025 में पूर्णिया जिले के अमौर नगर पंचायत से स्थानांतरित होकर सिकंदरा आए थे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सिकंदरा में अंचलाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, बीईओ और सीडीपीओ कार्यालय के कर्मी निगरानी के हत्थे चढ़ चुके हैं। ताजा कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि पूछताछ के आधार पर और भी कई खुलासे हो सकते हैं।
पूर्णियां से जमुई जाते ही घूसखोर कार्यपालक पदाधिकारी हुआ गिरफ्तार
Cityhalchal News
0
Post a Comment