Top News

राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर कुरसेला में जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार द्वारा प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत गुरुवार को कुरसेला प्रखंड परिसर के सभागार में जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा, प्रखंड प्रमुख, मुखिया, सरपंच, उप-सरपंच, ग्राम कचहरी न्यायमित्र एवं ग्राम कचहरी सचिवों को समझौता योग्य वादों के निष्पादन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि आगामी 09 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।इस अवसर पर कमलेश सिंह देउ, अवर न्यायाधीश-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार, विजय श्रीवास्तव, चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल, कटिहार तथा देव कुमार झा, डिप्टी चीफ लीगल एंड डिफेंस काउंसिल ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का त्वरित एवं सुलभ निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन में सहयोग करें, ताकि आम लोगों को त्वरित न्याय मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post