कटिहार: अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें खाद्यान्न आपूर्ति एवं एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में आम जनता को हो रही कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान पीडीएस डीलरों को अच्छी गुणवत्ता का चावल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शादी एवं श्राद्ध कर्म के लिए गैस सिलेंडर की उपलब्धता भी प्रमुख मुद्दा रहा।
एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि शादी या श्राद्ध जैसे आयोजनों के लिए गैस प्राप्त करने हेतु संबंधित व्यक्ति को पूर्व में अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देना होगा। आवेदन के आधार पर नजदीकी गैस एजेंसी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बुकिंग के बाद गैस नहीं मिलती है तो उपभोक्ता तुरंत शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई होगी।
बैठक में जिला परिषद की उपाध्यक्ष इशरत प्रवीण, नगर पंचायत कोढा अध्यक्ष धीरज कुमार सिंह,कुर्सेला नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू यादव, भाजपा के बबलू गुप्ता, सहायक आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक एवं विभिन्न गैस एजेंसियों के वितरक उपस्थित रहे।
इस संबंध में कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों से क्षेत्र में खाद्यान्न एवं गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।
Post a Comment