पूर्णिया में एक बार फिर विशेष निगरानी विभाग ने घूसखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बिहार शिक्षा परियोजना कटिहार में कार्यरत जूनियर इंजीनियर भूषण प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। यह कार्रवाई पूर्णिया स्थित उनके किराए के आवास पर की गई, जहां वे एक ठेकेदार से घूस ले रहे थे।
निगरानी टीम ने छापेमारी के दौरान इंजीनियर के कमरे से 54 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस राशि के संबंध में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
विशेष निगरानी डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि सरसी थाना क्षेत्र के एक ठेकेदार ने स्कूल भवन का निर्माण कराया था। बिल पर हस्ताक्षर करने के एवज में आरोपी इंजीनियर पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था। इसी बीच उसका तबादला कटिहार हो गया, लेकिन इसके बावजूद वह 10 हजार रुपये और मांग रहा था और भुगतान नहीं करने पर बिल रोकने की धमकी दे रहा था।
पीड़ित ठेकेदार ने निगरानी विभाग, पटना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद मामला सही पाया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह निगरानी टीम ने जाल बिछाया। ठेकेदार को माइक्रोफोन रिकॉर्डर देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही इंजीनियर ने 10 हजार रुपये टेबल पर रखने को कहा और पैसे लिए, धावा दल ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
रिकॉर्डिंग में पहले ली गई रिश्वत और ताजा लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। तलाशी के दौरान कमरे के गद्दे के नीचे से 54 हजार रुपये बरामद हुए।
बताया जाता है कि भूषण प्रसाद बिहार स्टेट एजुकेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन में संविदा पर सहायक अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। वे मूल रूप से बाढ़ जिले के बासो बागी के निवासी हैं और करीब दो वर्षों से पूर्णिया में तैनात थे। हाल ही में 15 दिन पहले उनका तबादला कटिहार किया गया था।
फिलहाल निगरानी विभाग आरोपी की अवैध कमाई के अन्य स्रोतों की जांच में जुटा है। टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं और आगे संपत्ति की विस्तृत जांच की जाएगी।
Post a Comment