Top News

धर्मपुर (धमदाहा) में RSS का पथ संचलन, हिंदू नववर्ष हर्षोल्लास से मनाया

धमदाहा, जिसे धर्मपुर के नाम से भी जाना जाता है, में गुरुवार को हिंदू नववर्ष के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। नगर में निकले इस संचलन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।
कार्यक्रम की अगुवाई खंड कार्यवाह हितेश गांधी ने की। उन्होंने सर्वप्रथम संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगवार की जयंती मनाते हुए उन्हें आद्य सरसंघचालक के रूप में नमन किया। इसके बाद भगवा ध्वज की स्थापना कर संघ की प्रार्थना की गई और पथ संचलन की शुरुआत हुई।
संचलन प्रारंभ होने से पूर्व दुर्गा वाहिनी की स्वयंसेविका खुशबू कुमारी एवं अन्य बालिकाओं ने सभी स्वयंसेवकों को तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं। घोष प्रमुख राजीव कुमार के नेतृत्व में घोष वादन ने पूरे संचलन को आकर्षक बना दिया। वहीं पूर्व जिला कार्यवाह मुन्ना कुमार शर्मा अपने सहयोगियों के साथ पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए।

नगरवासियों में इस पथ संचलन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। जगह-जगह महिलाओं और बालिकाओं ने मार्ग की सफाई कर स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरा नगर भगवामय वातावरण में रंगा नजर आया।

स्वयंसेवक विकास यादव ने बताया कि धमदाहा खंड में यह पहली बार है जब हिंदू नववर्ष के अवसर पर घोष के साथ पथ संचलन निकाला गया है, जो स्थानीय लोगों के लिए गौरव का विषय है। सह खंड कार्यवाह बेचन मेहता ने कहा कि पहले यह आयोजन जिला स्तर पर होता था, लेकिन संघ के विस्तार के कारण अब हर वर्ष यह कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा।
खंड संघचालक ओमप्रकाश अंबष्ट ने अपने संबोधन में हिंदू नववर्ष के आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पथ संचलन की शुरुआत सार्वजनिक धर्मशाला, नेहरू चौक से हुई और नगर का भ्रमण करते हुए पुनः वहीं आकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर हेमंत गांधी, मिथुन मार्कण्डेय, अशोक साह, ललन कुमार, राहुल राम, आर्यन यादव, संजय पोद्दार समेत कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post