Top News

रहस्यमयी मौत से मचा हड़कंप: परदेश से मजदूरी करने आया व्यक्ति संदिग्ध हालात में मृत मिला

कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत कोलासी के भगवान साह टोला में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अनुपलाल मुनि, निवासी नक्कीपुर कॉलोनी के रूप में की गई है, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में यहां आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, अनुपलाल मुनि दो दिन पहले ही भगवान साह टोला निवासी सुनील उरांव के घर मजदूरी के उद्देश्य से पहुंचा था। लेकिन अचानक उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हर पहलू पर नजर रखे हुए है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन मौत को लेकर संदेह जता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत को लेकर पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post