Top News

कालाजार से बचाव हेतु एसपी छिड़काव कार्य का शुभारंभ

गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र में कालाजार की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। गुरुवार को कोढ़ा प्रखंड के कालाजार प्रभावित राजस्व ग्रामों के चिन्हित टोले में एसपी (सिंथेटिक पाइरेथ्रॉयड) दवा के छिड़काव अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत ग्राम हिजरा मिलिक एवं मुंशी मिलिक गांव से की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अमित आर्य ने बताया कि कालाजार एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो बालू मक्खी (सैंड फ्लाई) के काटने से फैलती है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से कीटनाशक दवा का छिड़काव बेहद आवश्यक है। इसी क्रम में चिन्हित गांवों के घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में एसपी दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि सैंड फ्लाई के प्रजनन को रोका जा सके।
अभियान के दौरान उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को कालाजार से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे छिड़काव के दौरान अपने घरों की दीवारों को न धोएं और दवा के प्रभाव को बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और रात में मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दी गई।
भीडीसीओ नंद किशोर मिश्र ने बताया कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से सभी प्रभावित गांवों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय पर छिड़काव और जनजागरूकता के माध्यम से कालाजार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।भीबीडीएस अमर नाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की कालाजार एक घातक बिमारी है जिससे बचाव को लेकर छिड़काव आवश्यक है , सभी घर मालिक अपने अपने सभी घरों में अवश्य छिड़काव करायें।
ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य विभाग को सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post