Top News

ईद व रामनवमी को लेकर भवानीपुर थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन सख्त


भवानीपुर/संवाददाता बमबम यादव
भवानीपुर थाना परिसर में गुरुवार को ईद एवं रामनवमी को लेकर जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने की। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष पल्लवी कुमारी भी मौजूद रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में ईद का पावन त्योहार और रामनवमी का पर्व आने वाला है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग अपने-अपने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दोनों त्योहार आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं और इन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भवानीपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष गश्ती दल का गठन किया गया है। असामाजिक तत्वों, शराबियों एवं हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर थानाध्यक्ष पल्लवी कुमारी ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें, ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
इस शांति समिति बैठक में मौजूद भवानीपुर नगर पंचायत के सांसद प्रतिनिधि सह समाजसेवी शोभाकांत यादव, भवानीपुर प्रखंड सांसद प्रतिनिधि भगवान पंडित, व वार्ड पार्षद प्रभाष कुमार एवं युवा समाजसेवी चांद  राजा, शहीदगंज पंचायत पैक्स अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि तबरेज आलम, समाजसेवी मोहम्मद सद्दाम, पूर्व मुखिया मोहम्मद मतिउर्र रहमान उर्फ मत्तो एवं दर्जनों जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post