भवानीपुर नगर पंचायत के विकास को नई रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का 97.26 करोड़ रुपये का बजट सामान्य बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, जलजमाव की समस्या दूर करने तथा आवास, सड़क, नाला और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता उप मुख्य पार्षद शांति देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी कुमारी करिश्मा ने किया।
बैठक में नगर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए शहरी आवास योजना, सड़क एवं नाला निर्माण, प्रशासनिक भवन, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा कचरा प्रबंधन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर निर्णय लिया गया। पारित बजट में शहरी आवास योजना के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए 2.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क एवं नाला निर्माण पर 18.5 करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने, पेयजल सुविधा में सुधार, स्ट्रीट लाइट लगाने तथा कचरा प्रबंधन को व्यवस्थित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में यह भी कहा गया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, ताकि नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को रखा, जिस पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत के सभी वार्डों में संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में पार्षद आराधना देवी, कल्पना देवी, प्रीति देवी, शिल्पी कुमारी, विमला देवी, रीना मिश्रा, राधा देवी, प्रभाष कुमार, वकील चौधरी, मनीष कुमार महतो, सुरदर्शन यादव, दुर्गा देवी, शिला कुमारी, पप्पू कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि इबरार, वार्ड पार्षद राजा, गोपाल मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
Post a Comment