Top News

महाशिवरात्रि पर गूंजा भवानीपुर, भव्य शिव बारात बनी आकर्षण का केंद्र


भवानीपुर/बमबम यादव
पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर समूचा भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र आध्यात्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर नजर आया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। भगवा रंग में रंगे श्रद्धालुओं की विशाल भीड़ और दर्जनों घोड़ों के साथ निकाली गई भव्य शिव बारात लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही।
शिव परिवार भवानीपुर एवं बोलबम सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य शिव बारात में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बारात की अगुवाई दर्जनों घोड़ों पर सवार युवाओं ने की, जो हाथों में भगवा ध्वज और तिरंगा थामे हुए थे। बारात में भगवान शिव की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नंदी पर सवार भोले बाबा के रूप में बाजार निवासी अखिलेश कुमार गुप्ता ने सभी का मन मोह लिया। वहीं विष्णु,ब्रह्मा, यमराज के रूप में सुजीत सिंह, गणेश,लक्ष्मी, सरस्वती  की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। करीब तीन किलोमीटर लंबी श्रद्धालुओं की कतार से भवानीपुर मुख्यालय की रफ्तार कुछ समय के लिए थम सी गई। 
दूसरी ओर, प्रखंड क्षेत्र के सभी शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। अकबरपुर स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर में नवदुर्गा कमिटी एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से भव्य आयोजन किया गया, जहां बाबा भोलेनाथ को जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। माधव नगर के शिव-पार्वती मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बी कोठी प्रखंड क्षेत्र के बाबाधाम के नाम से मशहूर वरुणेश्वर धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा । लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओ ने बाबा वरुणेश्वर को बेलपत्र, फूल एवं जलार्पण कर अपनी मन्नत मांगी। भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी अपने सदलबल के साथ पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post