कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित कोसी पुल पर गंगा स्नान कर लौट रही एक महिला श्रद्धालु को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर पड़ी और ट्रक उनके बाएं पैर को कुचलते हुए फरार हो गया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल बाइक चालक सुरेश मंडल (50) वर्ष, निवासी डुमरी बाजार, थाना टिकापट्टी, जिला पूर्णिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी की बहन विमली देवी (60) वर्ष, निवासी सपाहा, थाना टिकापट्टी, जिला पूर्णिया के साथ मोटरसाइकिल से त्रिमोहनी संगम तट, कुरसेला गंगा स्नान के लिए गए थे। स्नान के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कोसी पुल पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुरेश मंडल बाइक सहित रेलिंग से टकरा गए, जबकि पीछे बैठी विमली देवी सड़क पर गिर पड़ीं। ट्रक महिला के बाएं पैर को कुचलते हुए कुरसेला की ओर भाग गया, जिससे उनका पैर कट गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विमली देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला पुलिस मौके पर पहुंची और फरार ट्रक की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है।
Post a Comment