Top News

ससुराल गए युवक की नहर से मिला शव, हत्या की आशंका

कोढ़ा पशु चिकित्सालय में परिचारी के पद पर कार्यरत साजन कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई है। मृतक के चचेरे भाई मंतोष कुमार ने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी देते हुए कई अहम बातें सामने रखी हैं।
मंतोष कुमार के अनुसार, साजन कुमार यादव को अस्पताल के कार्य से 29 जनवरी को जिला द्वारा पटना भेजा गया था। पटना से लौटने के बाद वह सीधे जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां दवाइयों व अन्य आवश्यक सामग्री को जमा किया। इसके बाद वह अपने ससुराल पहुंचे। ससुराल में उनकी सास मनोरमा देवी ने उन्हें भोजन कराया और जाते समय एक बोतल में दूध देकर रवाना किया।
परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे साजन कुमार यादव की अपनी पत्नी डेजी देवी से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा, जिससे परिजन चिंतित हो गए। हालांकि, शाम के समय कोढ़ा पशु चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सक विकास कुमार यादव ने परिजनों को सूचना दी कि साजन कुमार की बाइक पीछे अस्पताल परिसर के पास खड़ी मिली है। सूचना मिलते ही परिजन और अस्पताल कर्मी गेराबारी बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश में जुट गए, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।
अगली सुबह कोढ़ा पुलिस ने साजन कुमार यादव के ससुराल पक्ष को सूचित किया कि जुराबगंज के समीप सूखा नहर में एक शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव की पहचान कोढ़ा पशु चिकित्सालय के परिचारी साजन कुमार यादव (उम्र करीब 34 वर्ष) के रूप में की गई।
मृतक विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी डेजी देवी (32 वर्ष), दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।शव मिलने की सूचना मिलते ही कोढा पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे जहां घटना की जानकारी लेते हुए पूरी गहगता से जांच पड़ताल में जुट गई है ।
कोढ़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post